Showing posts with label जयपुर. Show all posts
Showing posts with label जयपुर. Show all posts

Monday, 18 April 2016

शादी बाद मंदिर गए,मधुमकि्खयां टूट पडी

जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले में रविवार को एक नवविवाहित जोडे पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मामला गांव चारणवास का है जहां शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन देवी-देवता पूजने गए थे। वहीं पर नव दंपती समेत अन्य महिलाओं पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। 
जानकारी के अनुसार चारणवास गांव के मनोहर की शादी शनिवार को हुई थी। रविवार को परिवार के लोग दूल्हे मनोहर और दुल्हन को देवी देवता पूजवाने के लिये गांव के जोहड के पास बने मंदिर मे ले गए थे। वहीं पर तेज गर्मी की वजह से परेशान मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। दूल्हे और दुल्हन के साथ करीब दो दर्जन लोगों से अधिक महिलाओं ओर बच्चों को मधुमख्खियों ने डंक मारे। सभी गंभीर घायलों को सीकर के कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

Thursday, 24 September 2015

अब राजस्थान की मुख्यमंत्री करेंगी जिलों के औचक दौरे

जयपुर- राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अब जिलों के अचानक दौरे करेंगी। इस बारे में राजे ने अधिकारियों को तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। सवाई माधोपुर के दौरे में राजे ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में भी इस बात के संकेत दिए हैं। जानकारों के अनुसार राजे के जिलों के ये दौरे अक्टूबर माह से आरम्भ हो सकते हैं।राजे ने पिछले वर्ष 'सरकार- आपके द्वार' कार्यक्रम किया था और इसके तहत पूरी सरकार संभागों के दौरे कर रही थी। इस कार्यक्रम के तहत उदयपुर, बीकानेर और भरतपुर जिलों के दौरे हुए थे। इन दौरों में लाखों की संख्या में शिकायतें प्राप्त हुई थीं और इनके निस्तारण का काम अभी भी चल रहा है, लेकिन इस वर्ष पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों के कारण एक भी सम्भाग का दौरा नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि इसी को देखते हुए अब राजे ने जिलों के औचक दौरों की योजना बनाई है। इसके तहत राजे जिस जिले में जाएंगीं, वहां चल रहे सरकारी कार्यक्रमों, कार्यालयों और पुलिस थानों आदि का औचक निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही गांव में रात्रि विश्राम कर लोगों के बीच रहने जैसे काम भी किए जा सकते है।

Friday, 22 August 2014

राजस्थान बंद का मिलाजुला असर दिखा

जयपुर- राजस्थान एडवोकेट संघर्ष समिति द्वारा न्यायपालिका में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में और अन्य मांगों को लेकर आयोजित बंद का आज मध्याह्न दो बजे तक मिलाजुला असर रहा। हालांकि समिति ने बंद के सफल होने का दावा किया है। व्यापारिक संगठनों, निजी स्कूलों समेत अन्य कई संगठनों ने बंद को समर्थन दिया था। राजस्थान संघर्ष समिति के महासचिव संजय व्यास ने बंद को सफल बताते हुए कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों, निजी स्कूलों ने बंद रखने में समर्थन दिया है।
व्यास ने बताया कि जयपुर, जोधपुर, अजमेर समेत प्रदेश में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। उन्होंने कहा कि अगर मांग नहीं मानी गयी तो 26 अगस्त को जयपुर और जोधपुर में बेमियादी धरना देंगे और हड़ताल बददस्तूर जारी रहेगी। गौरतलब है कि एडवोकेट अपनी मांगों को लेकर गत 9 जुलाई से न्यायिक बहिष्कार कर रहे हैं। मांग पत्र को लेकर राजस्थान उच्च न्यायालय प्रशासन और संघर्ष समिति के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन बातचीत बेनतीजा रही।

Tuesday, 22 July 2014

निलम्बित आईएएस मोहंती की गिरफ्तारी पर इनाम

 जयपुर- जयपुर पुलिस ने एक युवती से दुष्कर्म के आरोपी भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ निलंबित अधिकारी बीबी मोहंती की गिरफ्तारी के लिये पांच हजार रूपये का नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस सहायक उपायुक्त सोडाला प्रेमदान ने आज बताया कि भगोड़ा घोषित निलंबित अधिकारी मोहंती की गिरफ्तारी के लिये किसी भी प्रकार की सूचना देने वाले को पांच हजार रूपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
गौरतलब है कि राजस्थान के निलम्बित अधिकारी मोहंती के खिलाफ गत 25  जनवरी को एक युवती ने सिविल सेवा की तैयारी करवाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज करवाया था। मामला दर्ज होने के बाद से मोहंती फरार है और जयपुर की अदालत ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर रखा है। राज्य सरकार ने मोहंती के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद फरवरी में राजस्थान सिविल सेवा अपीलीय ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष पद से मोहंती को निलंबित कर दिया था।

अभिषेक बच्चन ने सवाई मानसिंह स्टेडियम का दौरा किया

जयपुर- बॉलिवुड ऐक्टर और कबड्डी टीम जयपुर पिंक पैंथर्स टीम के मालिक अभिषेक बच्चन ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम का दौरा किया।
बच्चन ने कबड्डी टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी तैयारी के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान टीम के कैप्टन नवनीत गौतम और अन्य लोग मौजूद रहें।
अभिषेक बच्चन ने कहा कि कबड्डी खेल को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। यह एक अच्छा खेल है और इसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। बच्चन ने जयपुर पिंक पैथर्स की टीम को प्रो कबडडी लीग नीलामी के दौरान खरीदा है। जयपुर की फ्रैंचाइजी टीम बेंगलुरु बुल्स के साथ सवाई मानसिंह स्टेडियम में 20  अगस्त को मैच खेलेगी।

Wednesday, 7 May 2014

राजस्थान में वाड्रा के भूमि सौदों की जांच शुरू


जयपुर- राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार ने पूर्व की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा के राज्य में हुए भूमि सौदों की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने कहा, ""राज्य सरकार ने जोधपुर, ब़ाडमेर और बीकानेर के कलेक्टरों को सौदों से संबंधित सूचनाएं जुटाने और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कने का निर्देश दिया है।"" कलेक्टरों को मध्य मई तक रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी कलेक्टरों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं और उनके कामकाज की निगरानी कर रहे हैं। आरोप है कि वाड्रा की भागीदारी वाली कंपनियों ने बीकानेर, जोधपुर और ब़ाडमेर में 2009 और 2012 के बीच हजारों एक़ड जमीन जुटाई। तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार ने ऎसी भूमि पर सौर ऊर्जा परियोजना लगाने की घोषणा की थी। यह भी आरोप है कि जैसे ही स्थलों की घोषणा हुई कंपनियों ने ऊंची कीमतों पर भूमि बेच दी। भूपेंद्र यादव और अर्जुन मेघवाल सहित भारतीय जनता पार्टी के कई सांसदों ने वाड्रा के कथित सौदे की जांच की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोपों को निराधार बताया है।

Saturday, 19 April 2014

रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी


जयपुर- राजस्थान के सात रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जयपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, अलवर, कोटा और अजमेर रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल के कमाण्डेंट एस.बी.गोस्वामी ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर के स्टेशन मास्टर को पिछले दिनों एक धमकी भरा पत्र मिला था, जिसमें एक आतंकी संगठन से जुड़े व्यक्ति के हवाले से राजस्थान के सात रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी लिखी हुई थी।
उन्होंने बताया कि पत्र मिलने के बाद स्टेशनों पर अलर्ट घोषित कर दिया गया। धमकी देने वाले आतंकी संगठन का नाम बताने से इंकार करते हुए उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है। राजस्थान पुलिस ने भी अपने स्तर पर सुरक्षा बढ़ाने हुए सीआईडी को भी निगरानी के लिए कहा है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय से भी राज्य पुलिस सम्पर्क में है।