Saturday, 19 April 2014

वसुंधरा बीमार,नहीं कर पाई चुनाव प्रचार


धौलपुर- प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बीमार हो गई हैं और इसके चलते शुक्रवार को भाजपा की तीन रैलियों में शामिल नहीं हो पाई। इससे राजस्थान में लोकसभा चुनावों के दूसरे चरण से पहले प्रदेश भाजपा को झटका लगा है।बीमारी के कारण वसुंधरा शुक्रवार को खेडली, गंगापुरसिटी और मण्डरायल में चुनाव सभाओं को सम्बोधित नहीं कर पाई। चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।
वसुंधरा गुरूवार दोपहर झालावाड में मतदान करनेके बाद हेलिकाप्टर से यहां पहुंची थीं। इसके बाद वह भाजपा के किसी भी कार्यकर्ता से नहीं मिली। राजस्थान में दूसरे चरण के चुनावों के तहत  5 सीटों पर 24 अप्रेल को चुनाव होंगे।

रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी


जयपुर- राजस्थान के सात रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जयपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, अलवर, कोटा और अजमेर रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल के कमाण्डेंट एस.बी.गोस्वामी ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर के स्टेशन मास्टर को पिछले दिनों एक धमकी भरा पत्र मिला था, जिसमें एक आतंकी संगठन से जुड़े व्यक्ति के हवाले से राजस्थान के सात रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी लिखी हुई थी।
उन्होंने बताया कि पत्र मिलने के बाद स्टेशनों पर अलर्ट घोषित कर दिया गया। धमकी देने वाले आतंकी संगठन का नाम बताने से इंकार करते हुए उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है। राजस्थान पुलिस ने भी अपने स्तर पर सुरक्षा बढ़ाने हुए सीआईडी को भी निगरानी के लिए कहा है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय से भी राज्य पुलिस सम्पर्क में है।

Tuesday, 15 April 2014

5 वर्ष में राजनीति को साफ-सुथरा बनाने का लिया संकल्प-मोदी

नई दिल्ली-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पांच वर्ष के भीतर राजनीति साफ-सुथरा बनाने का संकल्प लिया। मोदी ने कहा कि यदि देश की जनता उन्हें सत्ता सौंपती है तो वह बिना किसी भेदभाव के आपराधिक पृष्ठभूमि वाले सभी नेताओं को जेल में डाल देंगे।
मोदी ने 3डी तकनीक के जरिए दूसरी बार 15  राज्यों में 100   स्थानों पर एकसाथ जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा, ""आजकल अपराधियों को राजनीति में प्रवेश करने से रोकने पर काफी चर्चा हो रही है। मेरे पास इसका उपाय है और मैं देश की राजनीति को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेता हूं...मुझे बस इस देश की जनता का साथ चाहिए।""
मोदी ने कहा कि वह सर्वोच्चा न्यायालय की निगरानी में विशेष अदालतें गठित करेंगे, तथा देश के सभी पार्षदों, पंचायत अध्यक्षों, विधायकों एवं सांसदों की इन अदालतों द्वारा जांच करवाई जाएगी। आपराधिक पृष्ठभूमि का पाए जाने वाले जनप्रतिनिधियों पर तय समय के भीतर मुकदमा चलाया जाएगा।
मोदी ने आगे कहा, ""मैं वादा करता हूं कि इसमें कोई भेदभाव नहीं बरता जाएगा, तथा मैं अपराधी पाए गए अपने दल के नेता को भी सजा दिलाने में हिचकूंगा नहीं।

सत्ता नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए मैदान में - डॉ. बावरी

 श्रीगंगानगर-: आम आदमी पार्टी के श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. बालकृष्ण बावरी ने मंगलवार को श्रीकरणपुर शहर में रोड शो कर आम आदमी से वोट देने की अपील की। इस बीच नुक्कड़ सभा को सम्बोधित करते हुए डॉ. बावरी ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार व महंगाई से आम व्यक्ति परेशान है, इसलिए एक अच्छे व्यक्ति को संसद में भेजकर देश के उत्थान व विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंवे। डॉ. बावरी ने कहा कि वे लोकसभा का चुनाव सत्ता के लिए नहीं, व्यवस्था में बदलाव के लिए लड़ रहे हैं। इसमें आम व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। करणपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डॉ. बावरी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान इनके साथ डॉ. जगदीश कुमार, बलदेव सिंह, प्रहलाद राय, भागीरथ, मोहित कुमार, सुभाष कुमार, सुरेश, राजकुमार आदि थे। इसके बाद डॉ. बावरी ने डाबला, 32 एमएल व जैतसर में भी जनसम्पर्क किया। तत्पश्चात् डॉ. बावरी ने सूरतगढ़ में मिस्त्री मार्केट सहित बाजार में डोर-टू-डोर जनसम्पर्क कर आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की। वहीं आम आदमी पार्टी की टीम ने श्रीगंगानगर क्षेत्र में श्याम अरोड़ा, सोहनलाल निर्माण, प्रेम बिहाणी, कमलेश शर्मा, बालमुकंद सारस्वत के नेतृत्व में जनसम्पर्क किया। डॉ. बावरी की पुत्री हिना पंवार ने अपनी टीम के साथ सादुलशहर शहर व ग्रामीण क्षेत्र में जनसम्पर्क कर आम आदमी पार्टी को विजयी बनाने की अपील की। सोमवार शाम को हनुमानगढ़ में डॉ. बालकृष्ण बावरी ने रोड शो किया। इस दौरान डॉ. बावरी को बड़ी संख्या में जनसमर्थन मिला। उन्होंने शहीद भगत सिंह चौराहा पर भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रैली में आम आदमी पार्टी के एडवोकेट शंकरलाल सोनी, शफी मौहम्मद, मनीराम बावरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। अजमेर सिंह बावरी व रामकुमार फोटोग्राफर के नेतृत्व में एक टीम ने हरनामावाली ढाणी व आस-पड़ौस के गांवों में डोर-टू-डोर जनसम्पर्क कर वोट देने की अपील की। रायसिंहनगर शहर में आम आदमी पार्टी के संयोजक कान्हाराम नोखवाल, सुमन कुमार, जगदीश डाल, भोला सिंह आदि की टीम ने शहर में घर-घर जाकर जनसम्पर्क किया तथा डॉ. बालकृष्ण बावरी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

माहेश्वरी समाज का जिला अधिवेशन आयोजित


रावतसर-हनुमानगढ जिला माहेश्वरी सभा का अधिवेशन रविवार शाम को कस्बे के माहेश्वरी भवन में आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बिहाणी, जिला महामंत्री रतन लाल लाहोटी, संरक्षक रामेश्वर लाल पेड़ीवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम सुंदर सारडा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बृजरतन चांडक व रावतसर के अध्यक्ष तारा चंद बिहाणी ने भगवान महेश के चित्र पर माल्र्यापण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बिहाणी ने बताया कि अधिवेशन में मकान से वंचित माहेश्वरी बंधुओं के लिए अखिल भारतीय स्तर पर हाऊसिंग योजना बनाने, समाज के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार दिलाने, विवाह समारोह में खर्च की सीमा को नियंत्रित करने, नशे के सेवन पर अंकुश लगाने व माहेश्वरी परिवारों को पहचान पत्र जारी करने के प्रस्ताव पारित किए गए। उन्होने विधवा पेंशन के लिए जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित करने, बड़े शहरों में शिक्षा प्राप्त कर रहे समाज के विद्यार्थियों को समाज के होस्टल सुविधा का लाभ उठाने व सामूहिक तीर्थ यात्रा कार्यक्रम से जुडऩे की बात कही।
कार्यक्रम को पीलीबंगां के पूर्व पालिकाध्यक्ष रामेश्वर लाल पेड़ीवाल, जिला महामंत्री रतन लाहोटी, प्रदेश प्रतिनिधि कृष्ण करवा, नोहर सभाध्यक्ष जुगल मरदा व मंत्री सुनील राठी, हनुमानगढ जिला माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष नोरंग सोमानी, गोपाल पचीसिया, नथमल सोमानी, जिला प्रतिनिधि ओमप्रकाश करवा आदि ने सम्बोधित किया। रावतसर माहेश्वरी सभा की ओर से विमल चांडक व युवा संगठन के महेश गट्टाणी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरूआत वंदे मातरम व समापन जन-गण-मन से किया गया। कार्यक्रम में शिव चालीसा पाठ किया गया। कार्यक्रम में जिले की सभी मंडल इकाईयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संगरिया सभा के अध्यक्ष नोरंग लाल राठी, जिला प्रतिनिधि रामेश्वर लाल गट्टाणी, बाबू लाल राठी, लक्ष्मीनारायण सोनी, विनोद लखोटिया, रामकुमार करवा, नारायण राठी, चम्पालाल कलानी, राधेश्याम लखोटिया, सतीश चितलांगिया, कमल लखोटिया आदि उपस्थित रहे।
सदस्यों का निर्वाचन: अधिवेशन में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा प्रतिनिधि के पद पर सुरेंद्र जाजू व ओमप्रकाश बिहाणी, प्रदेश प्रतिनिधि के पद पर शिवभगवान ढुढाणी-हनुमानगढ जंक्शन, महावीर प्रसाद सिगची व रविशंकर मूंधड़ा-हनुमानगढ टाऊन, कृष्ण करवा-संगरिया, विमल चांडक-रावतसर, राजेंद्र थिरानी-नोहर, श्रीकृष्ण पेड़ीवाल-पीलीबंगां व बजरंग लाल राठी-भादरा को निर्वाचित किया गया। जिला सभा के संयुक्त सचिव पद पर महेंद्र चांडक को मनोनीत किया गया।


Friday, 11 April 2014

बीसीएमओ की नौकरी छोडक़र देश व समाज की सेवा करने के लिए आया हूँ-डॉ. बावरी



श्रीगंगानगर- आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. बालकृष्ण बावरी ने कहाा कि मैं बीसीएमओ की नौकरी छोडक़र देश व समाज की सेवा करने के लिए आम जनता के बीच आया हूँ। देश में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, गलत शिक्षा की नीतियां व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार कर आम आदमी के अधिकारों के लिए संघर्ष किया जाएगा। डॉ. बावरी शुक्रवार को गांव ओडकी में नुक्कड़ सभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी बाहर का व्यक्ति है और भाजपा ने जिस व्यक्ति को टिकट दिया है, उसका चरित्र कैसा है, वो इन दिनों चर्चा में है। इस दौरान बावरी ने गांव मदेरां, दुल्लापुर केरी, सुजावलपुर, हिन्दुमलकोट, कोठां, खखां, पक्की, 2 सी बड़ी, ओडकी, शिवपुर, खाटलबाना, 9, 11 व 12 क्यू में जनसम्पर्क कर आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की।
हाड़ी का सीजन होने की वजह से डॉ. बावरी ने खेतों में जाकर भी लोगों से जनसम्पर्क किया। इससे पहले उन्होंने सुबह डबलीराठान में भी एक नुक्कड़ सभा की। इस दौरान उनके साथ शंकरलाल सोनी भी थे। इसके बाद सूरतगढ़ में रोड शो किया और आम आदमी को वोट देने की अपील की। यहां पर डॉ. बावरी काफी समय तक ब्लॉक सीएमओ रहे थे। इसलिये इनको शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। इसके अलावा डॉ. बावरी ने जैतसर व विजयनगर में भी रोड शो कर जनसमर्थन जुटाया।


वैबकास्टिंग को लेकर प्रशिक्षण संपन्न


   
हनुमानगढ- जिले में पहली बार हो रही वैबकास्टिंग की
मॉक ड्रील लोकसभा चुनाव वाले दिन से एक-दो दिन पहले होगी। साथ
ही चुनाव वाले दिन भी मॉक पोल किया जाएगा। वैबकास्टिंग को लेकर
प्रशिक्षण  कलैक्ट्रेट स्थित सूचना विज्ञान कार्यालय के वीडियो
कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में
पहली बार हो रही वैबकास्टिंग को सफल बनाने के लिए जिले में
तैनात सूचना सहायकों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संयुक्त मु
य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रमोद अग्रवाल दिए गए प्रशिक्षण में ये निर्देश
दिए गए। श्री अग्रवाल ने बताया कि गत विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य
में की गई वैबकास्टिंग की देशभर में सराहना हुई है। और
उसके शत- प्रतिशत परिणाम सामने आए थे। अब लोकसभा चुनाव में पूरी
मुस्तैदी के साथ वैबकास्टिंग का कार्य संपन्न करना है ।
              श्री अग्रवाल ने सूचना सहायकों की समस्याओं का समाधान
करते हुए कहा कि मतदान के दिन की जाने वाली वैबकास्टिंग के लिए
सभी संसाधन अभी से जुटा लें और मतदान केन्द्र पर टेबलेट पीसी को
ऐसे स्थान पर लगाएं जिससे ज्यादा से ज्यादा व्यू कैमरे में कैद हो
सके।  मतदान दिवस से एक-दो पहले मॉक ड्रील करने के भी निर्देश
दिए गए । साथ ही मतदान दिवस पर समयानुसार मॉक पोल करना सुनिश्चित
करें। गौरतलब है कि किसी भी चुनाव में जिले में पहली बार
वैबकास्टिंग का प्रयोग किया जा रहा है। और कुल 25 मतदान
केन्द्रों पर टेबलेट्स के जरिए राज्य निर्वाचन विभाग की वेबसाइट
पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।
              जिले में आईटी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर श्री
योगेन्द्र कुमार ने बताया कि वेबकास्टिंग के लिए कुल 25 टेबलेट्स
कार्यालय को प्राप्त हो चुके हैं । जिन्हें मतदान केन्द्रों पर इस
प्रकार लगाया जाएगा कि मतदान का पूरा व्यू मिल सके।  आपको बता दें
कि राज्य के 32 जिलों के 1625 मतदान केन्द्रों पर लाइव वैबकास्टिंग
की जाएगी। विधानसभा चुनाव में हालांकि इसकी शुरूआत हुई थी।
लेकिन उस दौरान केवल पूर्वी जिलों के कुछ संवेदनशील मतदान दलों
पर ही इसका प्रयोग किया गया था। अब राज्य निर्वाचन विभाग पहली बार
32 जिलों में वेबकास्टिंग करने जा रहा है। ताकि संवेदनशील माने
जाने वाले मतदान केन्द्रों पर सीधी नजर रखी जा सके और चुनाव
निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। प्रशिक्षण में  सहायक प्रोग्रामर श्रीमती
दिप्ति चड्डा,  सूचना सहायक श्री पंकज गौड व डॉ. केन्द्र प्रताप
शामिल थे।