Tuesday, 3 June 2014

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का मंगलवार सुबह सड़क हादसे के बाद हृदय गति रुकने से निधन हो गया

नई दिल्ली- केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और महाराष्ट्र में भाजपा का ओबीसी चेहरा माने जाने वाले गोपीनाथ मुंडे का मंगलवार सुबह सड़क हादसे के बाद हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने एम्स के ट्रॉमा सेंटर में सुबह करीब 7.20 बजे अंतिम सांस ली। मुंडे का अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव बीड जिले के परली में किया जाएगा।
मुंडे के निधन के कारण आज कैबिनेट की बैठक में कुछ खास फैसला नहीं लिया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता वेंकैया नायडू ने बताया कि मुंडे को श्रद्धांजलि देने के बाद कैबिनेट की बैठक खत्म हो गई। नायडू ने कहा कि मुंडे की अंतिम यात्रा में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंडे के अंतिम संस्कार में नहीं जा पाएंगे।
उधर, दिल्ली की एक अदालत ने केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की कार को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार गुरविंदर सिंह को जमानत दी। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कहा कि खुफिया ब्यूरो और विशेष प्रकोष्ठ मामले में साजिश के पहलू की भी जांच रहे हैं।
पहली बार केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बने 64  वर्षीय गोपीनाथ मुंडे मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अपने आवास से मुंबई जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट निकले थे। रास्ते में लोधी कॉलोनी के पास पृथ्वीराज रोड और तुगलक रोड के बीच उनकी एसएक्स  4 कार को एक इंडिका कार ने बगल से टक्कर मार दी।
मौके पर मौजूद मुंडे के निजी सहायक और ड्राइवर ने बताया कि मुंडे कार की पिछली सीट पर बैठे थे और जैसे ही टक्कर लगी वह नीचे गिर गए और उनकी नाक में चोट लगी। इसके बाद उन्होंने पानी मांगकर पीया और खुद को अस्पताल ले जाने को कहा। करीब 6.30 उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार जब मुंडे को अस्पताल लाया गया उस समय उनकी सांस, रक्तचाप व हृदय गति रुकी हुई थी। करीब 50 मिनट की अथक कोशिश के बाद भी उन्हें सामान्य हालत में नहीं लाया जा सका और डॉक्टरों ने करीब  7.20  बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की मानें तो उन्हें शुगर और ब्लड प्रेशर की शिकायत थी, जिसके लिए वे कुछ दवाइयां भी ले रहे थे। हादसे के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी सांसें थम गई।
दो डॉक्टरों की टीम द्वारा शव के पोस्टमार्टम के बाद यह बताया गया कि मुंडे के शरीर पर कोई गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। उनकी मौत अंदरुनी चोट और उसके बाद हृदय गति रुकने से हुई है।
मुंडे के पार्थिव शरीर को एम्स से  12:30 बजे अंतिम दर्शन के लिए पार्टी मुख्यालय ले जाया गया। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, भैयाजी जोशी, राम माधव, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, वसुंधरा राजे सिंधिया, विहिप नेता अशोक सिंहल, एनसीपी नेता शरद पवार, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, लोजपा नेता रामविलास पासवान सहित कई बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से भी पुष्पगुच्छ भेजकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वहां मौजूद मुंडे की बेटियों से प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने बात की और उन्हें ढाढस बंधाया।
करीब 2:30  बजे मुंडे के पार्थिव शरीर को पार्टी मुख्यालय से एक विशेष विमान से मुंबई ले जाया गया। शव को यहां भी अंतिम दर्शन के लिए पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा। इसके बाद बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ परली में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सरकार की ओर मुंडे के सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज झुके रहेंगे। तमाम सरकारी कार्यक्रम भी रद कर दिए गए हैं।
उधर, पुलिस ने बताया कि इंडिका कार को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। इस बीच जांच के लिए एफएसएल की टीम भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।
मुंडे के निधन पर किसने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोपीनाथ मुंडे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरे दोस्त और सहयोगी गोपीनाथ मुंडे जी की मौत की खबर से बहुत दुखी हूं। उनका जाना सरकार और देश के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। मोदी ने कहा कि मुंडे जी एक जननेता थे, जो नई ऊचाइयों तक पहुंचे और बिना थके लोगों की सेवा की। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी गोपीनाथ मुंडे के निधन पर गहरा दुख जताया।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि मुंडे के निधन से मुझे गहरा आघात लगा है। उनका जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं गोवा से सांसद व पर्यटन मंत्री श्रीपद नायक ने भी मुंडे के निधन को खासकर महाराष्ट्र में पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। दूसरी ओर, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी मुंडे के निधन गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उधर, भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने भी मुंडे के निधन को शिवसेना के लिए भी बड़ी क्षति करार दिया। पार्टी नेता संजय राउत ने कहा कि मुंडे जी बेहद मिलनसार और मृदुभाषी व्यक्ति थे। वह भाजपा-शिवसेना गठबंधन के बीच एक पुल की तरह थे।

Friday, 30 May 2014

सतर्कता समिति की बैठक में 13 प्रकरणों का निस्तारण

हनुमानगढ - अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री बी.एल.मेहर$डा ने शुक्रवार  को  कलैक्ट्रेट सभाकक्ष में  आयोजित जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सर्तकता समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागवार 21 प्रकरणों की समीक्षा कर 13 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया ।
  बैठक में जिला प्रमुख श्रीमती शोभासिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रामनिवास जाट, जिला रसद अधिकारी श्री सुनील वर्मा, उपखण्ड अधिकारी हनुमानग$ढ श्री होशियार सिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता श्री दीपचन्द अरोडा, नगर परिषद के अधिशाषी अभियन्ता श्री राम कुमार डूडी, तहसीलदार हनुमानगढ श्री सुरेन्द्र जाखड, रावतसर श्री भंवरलाल परिहार, जोधपुर विद्युत वितरण निगम लि. जल संसाधन विभाग, सम्बन्धित विकास अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित प्रकरणों से सम्बन्धित परिवादी भी उपस्थित थे।

बकाया राशि का भुगतान शिक्षकों के बैंक खातों में जमा : सिद्घार्थ मेहरा

हनुमानगढ- शिक्षकों के 50 प्रतिशत बकाया मानदेय राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में जमा करवाई।  जिला साक्षरता एवं सत्त शिक्षा अधिकारी श्री सिद्घार्थ मेहरा ने बताया कि साक्षर भारत कार्यक्रम के अन्तर्गत सर्वे कार्य लगे शिक्षकों के 50 प्रतिशत बकाया मानदेय राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में जमा करवा दिया गया है। उन्होने बताया कि बेसिक साक्षरता मूल्याकन परीक्षा पूरे जिले में 24 अगस्त 2014 को आयोजित करवायी जाएगी। जिला स्तर के सभी प्रेरक, ब्लॉक समन्वयकों को परीक्षा से संबंधित सभी प्रकार की तैयारियां आरम्भ  करने हेतु निर्देशित किया गया है ।

Friday, 16 May 2014

लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत का मनाया जश्न

हनुमानगढ़- नगरपरिषद् उपसभापति कालूराम शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली भारी जीत का जश्न, पटाखे जलाकर, मिठाईयां बांटकर और नाच-गाकर मनाया । जंक्शन स्थित दुर्गा मन्दिर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में कालूराम शर्मा ने कहा कि भारत की जनता ने अपना फैसला भाजपा के पक्ष में दिया है। पिछले 30 वर्षां में पहली बार कोई पार्टी प्रचण्ड बहुमत से सत्ता में आई है। जनता ने भाजपा को भारी बहुमत देकर जता दिया है कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश का पूर्ण रूप से विकास करवा सकती है। पार्षद उमाशंकर अरूण ने कहा कि भाजपा के राज में सभी के अच्छे दिन आने वाले हैं जिसकी शुरूआत लोकसभा चुनाव के नतीजों से शुरू हो चुकी है। इस अवसर पर पार्षद नगीना बाई, उमाशंकर अरूण, हाकम सिंह, मनोहरलाल, राजपाल नागपाल, पार्षद पति रामपाल जाटव, राजेन्द्र चौधरी, सौरभ शर्मा, सावन पाईवाल, राजन अरोड़ा, टोनी बंसल, संजय झूंथरा, राजकुमार ओझा, पवन ओझा, नरेन्द्र पुरोहित, महेन्द्र सारस्वत, राहुल शर्मा, विनोद दादरी, फतेहसिंह झाझडिय़ा, मदन खुंगर, जसवीर सिंह, प्रहलाद राय, अरूण पाहिती सहित उपस्थित अन्य भाजपा कार्यकर्ता भाजपा की जीत के जश्न में शामिल हुए।

नि:शुल्क चाय पिलाकर भाजपा की जीत की खुशी मनाई

हनुमानगढ़ - लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत की खुशी में टाऊन धानमण्डी में शुक्रवार को नमो: टी स्टाल लगाई गई। सुबह जल्दी ही भाजपा के पक्ष में रूझान आते देख दुकान नं. 59 के आगे स्थित सुरेश टी स्टाल नमो: टी स्टाल के रूप में बदल गई। यहां पर लोगो को नि:शुल्क चाय पिलाकर भाजपा की जीत की खुशी मनाई गई। टी स्टाल संचालक सुरेश कुमार ने कहा कि भाजपा के पक्ष में जनादेश आने के साथ ही अब अच्छे दिन आने की शुरूआत हो गई हैं। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आमजन के हित में कार्य करेगी। इस उम्मीद के साथ आज नमो: टी स्टाल लगाकर जीत की खुशी मनाई गई। इस मौके पर मनीराम कारगवाल, सतीश कुमार, हंसराज, राय सिंह, बलवन्त सिंह, श्री भगवान, राधेश्याम, मोहनलाल सहित अनेकों मजदूर वर्ग के लोग मौजूद थे।

जीत का भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

चूरू - दादु भवन के पास चूरू संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने राहुल कस्वां का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा जुलूस में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। दादु भवन के पास भाजपा के मनोज शर्मा, रोहिताश कस्वां, रमन सेवग, संजय, दिनेश कुमार, जयप्रकाश दाधीच, मुकेश बावलिया, राधेश्याम मिस्त्री आदि ने आतिशबाजी की तथा मिष्ठान बांटकर खुशी मनाई। भारतीय मोदी आर्मी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष महेन्द्र सहारण, जावेद खान, राज कस्वां, इन्द्राज हुड्डा, रवि भाटी, लतीफ, हंसराज व धर्मवीर सहारण ने आतिशबाजी की तथा राहुल कस्वां का स्वागत किया।

चुनाव जीतने के बाद बोले मोदी, मैं जनता के सामने नतमस्तक हूं

नई दिल्ली -चुनाव जीतने के बाद नरेंद्र मोदी ने पहली बार बड़ोदरा में लोगों को संबोधित किया और सबसे पहले भारत माता की जय का नारा बुलंद किया. फिर उन्होंने कहा कि मेरी यह ख्वाहिश थी कि मैं अगर बोलूंगा, तो सबसे पहले बड़ोदरा में क्योंकि उनका हक सबसे पहले बनता है. मैं यहां आया हूं आपका धन्यवाद देने आया हूं और जनता के सामने सिर झुकाकर नमन करता हूं. मैं आपका प्यार पाकर कृतार्थ हो गया हूं.चुनाव जीतने के बाद बोले मोदी, मैं जनता के सामने नतमस्तक हूं