Thursday, 3 April 2014

चुनावी तैयारियों को लेकर अब संभाग मुख्यालयों पर बैठक लेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी

हनुमानगढ -लोकसभा चुनाव को लेकर इस बार राज्य निर्वाचन विभाग संभागवार बैठक लेकर चुनाव तैयारियों का जायजा लेगा।  संभाग मुख्यालय पर आयोजित होने वाली बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन के अलावा कानून एवं व्यवस्था के विशिष्ट महानिदेशक  नवदीप सिंह और निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारीगणों के अलावा संबंधित संभाग के आयुक्त, महानिरीक्षक पुलिस रेंज, रेंज के सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी जिला पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे। भरतपुर संभाग में बैठक भरतपुर जिला मुख्यालय पर नहीं होकर चुनाव के मद्देनजर संवेदनशील माने जाने वाले जिले सवाईमाधोपुर में रखी गई है ।
             राजकीय विमान के जरिए होने वाले इस दौरे की शुरूआत 6 अप्रैल को जोधपुर से की जाएगी ।  6 अप्रैल को दोपहर बारह बजे राज्य निर्वाचन विभाग के अधिकारी और विशिष्ट महानिदेशक राजकीय विमान से रवाना होकर जोधपुर पहुंचेगे। जहां साढे तीन बजे पहली संभाग स्तरीय बैठक होगी । वहीं बीकानेर संभाग की बैठक 11 अपैल को दोपहर बाद 4 बजे जिला कलेक्ट्रेट में होगी । जिसमें संभागीय आयुक्त और रेंज आईजी के अलावा हनुमानगढ, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक इस बैठक में हिस्सा लेंगे।  दौरे की समाप्ति 19 अपैल को सवाईमाधोपुर में सुबह साढे ग्यारह बजे आयोजित की गई बैठक के साथ होगी।
            बैठक में चुनाव को लेकर जिलों में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति की तो समीक्षा होगी ही । साथ ही मतदान केन्द्र, चुनाव खर्च, ईवीएम मशीन, बैलेट पेपर, फोटो वोटर स्लिप, मतदाता सूची, विधानसभा वार सिक्योरिटी प्लान इत्यादि मुद्दों पर भी चर्चा होगी । गौरतलब है कि राज्य निवार्चन विभाग पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान करीब दस फीसदी मतदान प्रतिशत बढाने में सफल रहा था। विभाग की तरफ से लोकसभा चुनाव में भी मतदान प्रतिशत करीब दस फीसदी बढाने को लेकर हर संभव कोशिश की जा रही है। इसके लिए सभी जिलों में जहां स्वीप कार्यक्रम विधानसभा चुनाव की तर्ज पर चलाए जा रहे हैं वहीं रेनबो वीक समेत कई अन्य आधुनिक तरीके भी अपनाए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment